Helpline +919415567039 || pi.up@smarthindustan.news

Updated Sat, 15 May 2021 11:35 PM

कोरोना काल में सफाई व्यवस्था बदहाल

पीलीभीत,जेएनएन : बीसलपुर नगर में जहां एक और कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सफाई व्यवस्था बदहाल है। नगर पालिका परिषद के सफाई विभाग की हठधर्मिता के चलते कर्मचारियों ने नगर के चारों ओर की सड़कों को अपना डलाव घर बना रखा है। नगर से प्रतिदिन निकलने वाला गीला व सूखा कूड़ा वह गाड़ियों में एकत्र कर नगर के विभिन्न मार्गों पर ले जाकर डाल देते हैं। चारों ओर मार्गों पर से गुजरने वाले कूड़े से उठती दुर्गंध उनको बेचैन कर देती है। वहीं संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका को बढ़ावा मिल रहा है। नगर पालिका परिषद का सफाई विभाग नगर में सफाई को लेकर लापरवाह व अंजान बना है, जिसके चलते सफाई विभाग के अधिकारी कभी भी नगर की गलियों, सड़कों, नालों व नालियों की होने वाली सफाई के बाद उससे निकलने वाला कूड़ा कचरा कर्मचारियों की ओर से किस स्थान पर एकत्र किया जा रहा है यह जानने की परवाह कभी नहीं करते। जिस कारण से विभाग के कर्मचारी नगर से निकलने वाला कूड़ा कचरा शौचालयों की सफाई के बाद उससे निकलने वाला कचरा को वह पीलीभीत मार्ग, रम्पुरा कर्रखेड़ा मार्ग, चीनी मिल मार्ग, कितनापुर मार्ग, कासिमपुर मार्ग समेत आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर शहर से निकलते ही डाल देते हैं। इतना ही नहीं नगर में मरने वाले बेसहारा पशुओं को भी वह इन्ही कूडे़ कचरे के ढेरों पर डाल आते हैं। दुर्गंध उधर से गुजरने वाले यात्रियों को दिनोंदिन मुसीबत बनती जा रहा है। वहीं संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है फिर भी पालिका के सफाई विभाग के अधिकारी अपनी नजर इस ओर नहीं दौड़ा पा रहे हैं। इस कचरे से उठती दुर्गंध से नगरवासी भी त्रस्त उस समय हो जाते हैं। जब हवा के झोंकों के साथ सड़ांध उनके घरों तक पहुंच जाती है। नगर पालिका परिषद में पर्याप्त सफाई कर्मचारी होने के बावजूद नगर के घरों से निकलने वाला कूड़ा निश्चित स्थान पर न डाल कर वह अपने काम से बचने के लिए उसे सड़क के किनारे ही डाल कर चले जाते हैं, जिससे उठती बदबू के कारण परेशानी होती है।

घरों में ईद की नमाज, फोन पर मुबारकबाद

पीलीभीत,जेएनएन : ईद उल फितर का त्योहार शुक्रवार को शहर समेत पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। कोरोना संक्रमण के कारण ईदगाहों व मस्जिदों में सामूहिक नमाज नहीं हुई। घरों मे ही ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों में इमाम समेत पांच रोजेदारों ने कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए नमाज पढ़ी। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। ईद पर बच्चों में खास उत्साह देखा गया,लेकिन ईदगाह परिसर में मेला नहीं लग सका। रोजेदारों ने तय वक्त पर अपने अपने घरों में ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद कोरोना महामारी के खात्मे के लिए दुआ की गई। वैसे तो हर साल ईद के त्योहार पर ईदगाह में हजारों लोग नमाज के लिए एकत्र होते रहे हैं। ईदगाह के बाहर मेला लगता था, जिसमें बच्चे अपने मन पसंद की चीजें खरीदते थे लेकिन कोरोना के कारण ईदगाह सुनसान रहा। ईद की नमाज के बाद लोग एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद देते थे लेकिन महामारी के कारण ज्यादातर लोगों ने अपने रिश्तेदारों, परिचितों को फोन कॉल अथवा इंटरनेट मीडिया के जरिये मुबारकबाद का आदान प्रदान किया। ईद पर बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह देखा गया। बच्चों ने सेवइयों के साथ ही दूसरे पकवानों का लुत्फ उठाया।

वायुमंडल की शुद्धता के लिए घर-घर हवन

पीलीभीत,जेएनएन : कोरोना महामारी को दवाओं के साथ साथ अन्य माध्यमों से भी काबू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शुक्रवार को शहर की बल्लभनगर कालोनी की हाउसिग सोसायटी ने हवन धूपन चिकित्सा पद्धति के जरिये घर घर में हवन किए जाने की मुहिम शुरू की गई है। तीन दिन तक घर घर में हवन पूजन कर कोरोना को खत्म किए जाने की ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी। शहर के पॉश इलाकों में शुमार बल्लभ नगर कॉलोनी में यह मुहिम अक्षय तृतीया यानी 14 मई से शुरू कर दी गई है। बल्लभनगर हाउसिग सोसायटी के अध्यक्ष मुरली मनोहर अग्रवाल और उपाध्यक्ष दुर्गादास राजानी ने बताया कि वर्तमान दौर में कोरोना संक्रमण हवा में फैल चुका है। घर-घर लोगों को संक्रमित कर रहा है। चिकित्सा विज्ञान से जुड़े तमाम लोग भी यह स्वीकार कर रहे हैं कि दवाओं के साथ साथ वायुमंडल की शुद्धता भी नितांत आवश्यक है, इसके लिए भी सामूहिक प्रयास की जरूरत है। लिहाजा सोसाइटी ने तीन दिवसीय हवन धूपन चिकित्सा पद्धति विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत सोसायटी की ओर से घर घर हवन सामग्री का वितरण कर दिया गया है। 17 मई तक प्रत्येक दिवस सुबह 11बजे कॉलोनी के सभी घरों में एक साथ हवन धूपन चिकित्सा पद्धति के तहत हवन किया जा रहा है। ताकि पूरे वायुमंडल में एक साथ हवन सामग्री से शुद्धता आए। दुर्गादास राजानी कहते हैं कि वायु की शुद्धता के लिए हवन एक कारगर शास्त्र साबित हो सकता है। किशनलाल एडवोकेट, मोहनवीर सिंह एडवोकेट, राजीव वर्मा, राजीव त्रिपाठी, अशोक अगनानी, भगवतसरन पीपल वाले, बुद्धसेन वर्मा ने भी अपने घर में हवन पूजन किया।